हिड़मा के आतंक का अंत, बस्तर में लौट रहा शांति का वसंत : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Editor
By Editor 2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़–आंध्र प्रदेश सीमा पर सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान में सुरक्षाबलों ने शीर्ष नक्सली लीडर एवं सीसी मेम्बर माडवी हिड़मा सहित छह नक्सलियों को न्यूट्रलाइज किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सुरक्षाबलों के अदम्य साहस को सलाम करते हुए कहा कि यह घटना नक्सलवाद के विरुद्ध संघर्ष में निर्णायक मोड़ है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हिड़मा लंबे समय से बस्तर में रक्तपात और दहशत का प्रमुख चेहरा था। उसका अंत लाल आतंक पर गहरी चोट है और यह पूरे क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में सैकड़ों नक्सलियों के आत्मसमर्पण, शीर्ष कैडरों की गिरफ्तारी और लगातार सफल ऑपरेशनों के चलते नक्सलवाद अब अंतिम दौर में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार बस्तर में शांति, विश्वास और विकास की नई धारा बहा रही है। पुनर्वास नीति, नए सुरक्षा कैंप और नियद नेल्ला नार जैसे कदमों ने जनविश्वास को मजबूत किया है।

साय ने विश्वास जताया कि केंद्र–राज्य की संयुक्त रणनीति के तहत मार्च 2026 तक भारत पूर्णतः नक्सलमुक्त हो जाएगा।

Share This Article