दंडाधिकारी अभिजीत सिंह ने आदेश जारी करते हुए कहा कि “नो हेलमेट, नो पेट्रोल”
दुर्ग। दुर्ग जिले के दंडाधिकारी अभिजीत सिंह ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए कहा कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पहने दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” नीति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे इस संबंध में स्पष्ट सूचना बोर्ड अपने पंपों पर प्रदर्शित करें, ताकि जागरूकता फैले और नियम का सख्ती से पालन हो।
हालांकि आदेश जारी हुए एक दिन बीतने के बावजूद भिलाई और दुर्ग शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों में इसका पालन होता नहीं दिख रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिले में संचालित चार पुलिस पेट्रोल पंपों पर भी बिना हेलमेट पहने दुपहिया चालकों को पेट्रोल दिया जा रहा है।
यह स्थिति प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी की ओर इशारा करती है और सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर लापरवाही का संकेत देती है। स्थानीय प्रशासन द्वारा इस पर क्या कदम उठाए जाएंगे, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।