स्वास्थ्य कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, निजीकरण का किया विरोध

Editor
By Editor 3 Min Read

भारी बारिश के बीच कलेक्टर कार्यालय पहुंचे कर्मचारी, वेतन विसंगति दूर करने, नियमित भर्ती और पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों पर जल्द निर्णय की मांग

दुर्ग, छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन कर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मचारी और पदाधिकारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे तथा स्वास्थ्य विभाग की समस्याओं के निराकरण की मांग की।

प्रदेश महामंत्री सैय्यद असलम ने बताया कि 22 जुलाई को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में सांकेतिक रूप से ध्यानाकर्षण कार्यक्रम आयोजित कर ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कैडरों में वर्षों से वेतन विसंगति बनी हुई है, जिसका अब तक समाधान नहीं किया गया है। इसके अलावा कई संवर्गों में पदोन्नति की प्रक्रिया भी लंबे समय से लंबित है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग की प्रयोगशालाओं (लैब) का संचालन निजी संस्था एचएलएल प्राइवेट लिमिटेड को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिसका कर्मचारी संघ विरोध करता है। उनका कहना है कि इससे सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित होगी।

इम्पेकस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओ.पी. शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का निजीकरण चिंताजनक निर्णय है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में ठेका प्रथा और संविदा नियुक्तियों को समाप्त कर नियमित भर्ती की जानी चाहिए, क्योंकि यह विभाग सीधे मानव जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है।

प्रदेशाध्यक्ष अनिल पांडेय ने कहा कि यदि आज विभाग की प्रयोगशालाएं निजी हाथों में सौंपी जा रही हैं तो भविष्य में फार्मेसी और अस्पतालों के निजीकरण का भी रास्ता खुल सकता है। उन्होंने सरकार से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग की।

संभागीय अध्यक्ष अजय नायक ने कहा कि जीवन दीप समिति के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को न्यूनतम मानदेय पर काम कराया जा रहा है। उनके लिए भर्ती नियम निर्धारित नहीं हैं और न ही अनुभव प्रमाण पत्र जारी किए जाते हैं। इससे कर्मचारियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

जिला अध्यक्ष सत्येंद्र गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को कर्मचारियों की वेतन विसंगति दूर करने, लंबित पदोन्नति, संविदा, ठेका, अनियमित एवं जीवन दीप समिति के कर्मचारियों के नियमितीकरण जैसी मांगों पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान उप प्रांताध्यक्ष प्रमेश पाल, कार्यकारी जिलाध्यक्ष खिलावन चंद्राकर, सचिव भूपेश उपाध्याय, लक्ष्मीकांत धोटे, रोशन सिंह, जैकलीन डॉन, चंदूलाल चंद्राकर, मेडिकल कॉलेज नर्सिंग संवर्ग के प्रतिनिधि, जिला संयोजक राघवेंद्र साहू, नर्सिंग संयोजक शिवेंद्र दानी, मंजू राय, सुशीला सिंह, कविता साहू, सरोज सिंह, मुकेश शर्मा, धनीराम ठाकुर, कुलेश्वर देशमुख, मानवेंद्र साहू, रवि ताम्रकार, शंभू राठौर सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Link : https://shricgnewscreator.com/health-workers-submitted-a-memorandum-regarding-pending-demands-and-opposed-privatization/

Share This Article