जीई फाउंडेशन की ओर से संजीवनी बालिका छात्रावास में प्रेरणात्मक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह
भिलाई, समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित संजीवनी बालिका छात्रावास में समग्र शिक्षा अभियान के तहत गोल्डन एम्पथी (जीई) फाउंडेशन द्वारा परीक्षा से पूर्व एक प्रेरणात्मक एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक मोटिवेशन, उपयोगी टिप्स तथा परीक्षा में सहायक आवश्यक सामग्री प्रदान करना था।

संस्था की ओर से इस अवसर पर वर्ष 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया, जिससे अन्य छात्राओं को भी आगे बेहतर करने की प्रेरणा मिली। कार्यक्रम के दौरान समग्र शिक्षा अभियान की सहायक जिला परियोजना समन्वयक सीता अग्रवाल, संजीवनी छात्रावास की अधीक्षिका धनेश्वरी साहू एवं लेखापाल ऋतु मेश्राम की गरिमामयी उपस्थिति रही। जीई फाउंडेशन की ओर से प्रदीप पिल्लै, शुभगा सुरेश, डॉ. ज्योति पिल्लै, साक्षी पांडे, आदित्य नायक, अनामिका डे, अनु वर्मा, गीतिश महतो एवं प्रज्ञा ने छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्रधानमंत्री मोदी के समक्ष प्रस्तुति देने वाली साक्षी की सफलता साझा की
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया। हाल ही में जीई फाउंडेशन की सदस्य साक्षी पांडे का चयन पीएम प्रेजेंटर के रूप में हुआ है, जिसके अंतर्गत उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान साक्षी पांडे ने युवा सशक्तिकरण एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। उल्लेखनीय है कि उनके द्वारा प्रस्तुत कुछ सुझावों की झलक केंद्रीय बजट 2026 में भी देखने को मिली, जो युवाओं की भागीदारी और सकारात्मक सोच का प्रमाण है। कार्यक्रम का समापन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना और शिक्षा के माध्यम से सशक्त समाज निर्माण के संकल्प के साथ किया गया।


