जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ उद्घाटन समारोह
भिलाई, 22 फरवरी, सुभाष चौक, राधा कृष्णा मंदिर स्थित स्वामी विवेकानंद विद्यालय, का उद्घाटन समारोह रविवार को उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विपिन चंद्राकर (सांसद प्रतिनिधि) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में तपोटी मजूमदार (सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षिका), बेला यादव, गोपी वर्मा, वाणी तथा विद्यालय की संस्थापिका उर्वशी वर्मा की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

अतिथियों ने दी शुभकामनाएं, हर संभव सहयोग का आश्वासन :- मुख्य अतिथि विपिन चंद्राकर ने अपने संबोधन में विद्यालय के शुभारंभ पर संचालिका को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यालय के विकास हेतु हर प्रकार से सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया और इस प्रयास को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
विशिष्ट अतिथि तपोटी मजूमदार ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के भविष्य की नींव होती है। उन्होंने विद्यालय परिवार को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अन्य अतिथियों ने भी विद्यालय की प्रगति और सफलता की कामना की।
नर्सरी से पांचवीं तक होगी पढ़ाई :-
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार वर्तमान सत्र से नर्सरी से लेकर कक्षा पांचवीं तक की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। आधुनिक शिक्षण पद्धति, संस्कारयुक्त वातावरण और अनुशासित शिक्षा प्रणाली पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरित शिक्षा का संकल्प :-
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय का संचालन स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरित होकर किया जाएगा। स्वामी जी का संदेश — “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” — विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
विद्यालय परिवार ने संकल्प व्यक्त किया कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होकर समाज व देश की सेवा करेंगे।

क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की ओर महत्वपूर्ण कदम:-
स्वामी विवेकानंद विद्यालय का यह शुभारंभ क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक प्रयास बताया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से गणमान्य नागरिक, शाला स्टॉफ, बच्चे उपस्थित रहे। समारोह के अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


