भिलाई। भिलाई के इंदिरा प्लेस स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में एक ग्राहक का लाकर से 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य का सोना रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया। सेक्टर-5 निवासी दरोगा सिंह वर्ष 1991 से लॉकर संख्या 697 का उपयोग कर रहे थे, जिसमें उन्होंने अपने परिवार का करीब 40 तोला सोना तीन पोटलियों में सुरक्षित रखा था।
लॉकर रूम में सीपेज की शिकायत के बाद बैंक की लाकर प्रभारी अनिता कोरेटी ने दरोगा सिंह को अस्थाई लॉकर नंबर 547 आवंटित किया और मरम्मत के नाम पर पुराने लॉकर की चाबी रख ली। 17 जनवरी 2025 को उन्हें सूचित किया गया कि सारा सामान नए लॉकर में स्थानांतरित कर दिया गया है।
22 अप्रैल 2025 को जब दरोगा सिंह ने अस्थाई लॉकर खोला, तो उसमें से दो पोटलियां गायब थीं। केवल एक पोटली, जो उनकी बहू की थी, सुरक्षित मिली। बैंक ने बेटी पर लॉकर संचालन का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस जांच में यह दावा झूठा निकला।
लॉकर मरम्मत के लिए बुलाए गए टेक्नीशियन की तीन विज़िट का कोई रिकॉर्ड बैंक ने नहीं रखा। जांच में यह भी सामने आया कि लॉकर नंबर 697 की मरम्मत कभी हुई ही नहीं। दरोगा सिंह की शिकायत पर भिलाई नगर थाना में धारा 316(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस बैंक कर्मियों और संबंधित तकनीशियनों से पूछताछ कर रही है।
बैंक के लाकर से गायब हुआ 50 लाख का सोना, मचा हडकंप


