गनियारी का शा. स्कूल अब होगा पद्मविभूषण स्व. डॉ. तीजन बाई के नाम, एमआईसी ने पारित किया प्रस्ताव

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई-चरौदा महापौर परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय, शासन को भेजी जाएगी अनुशंसा; डेढ़ करोड़ की लागत से बन रहे ऑडिटोरियम का नाम भी डॉ. तीजन बाई के नाम पर रखने की घोषणा

भिलाई, नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा  महापौर परिषद (एमआईसी) की गुरुवार को महापौर कक्ष में आयोजित बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में वार्ड क्रमांक 40 गनियारी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नाम पद्मविभूषण से सम्मानित लोककला की महान हस्ती स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई के नाम पर रखने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। परिषद ने इस प्रस्ताव को शासन के अनुमोदन के लिए भेजने की अनुशंसा भी की है।

वीडियो

महापौर निर्मल कोसरे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी एमआईसी सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। बैठक के बाद महापौर श्री कोसरे ने कहा कि स्व. डॉ. तीजन बाई ने छत्तीसगढ़ की लोककला और पंडवानी गायन को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। उनका जीवन और योगदान प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि भिलाई-चरौदा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 40 गनियारी से स्व. डॉ. तीजन बाई का विशेष जुड़ाव रहा है और उन्होंने अपने जीवन का अधिकांश समय यहीं व्यतीत किया। ऐसे में गनियारी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा जाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

महापौर ने यह भी बताया कि निगम द्वारा गनियारी गांव में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जा रहा है। इस ऑडिटोरियम का नाम भी पद्मविभूषण स्व. डॉ. तीजन बाई के नाम पर रखा जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से प्रेरणा ले सकें।

बैठक में एमआईसी सदस्य मोहन साहू, मनोज कुमार, देवकुमारी भल्लावी, दीप्ती आशीष वर्मा, संतोषी निषाद, एम. जानी, एस. वेंकट रमना और ईश्वर साहू उपस्थित रहे। इसके अलावा निगम आयुक्त डी.एस. राजपूत, कार्यपालन अभियंता रवि सिन्हा, निगम सचिव लिंगेश्वर राव, स्थापना प्रभारी राजू वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Share This Article