बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार; तीन बालक भी शामिल

Editor
By Editor 2 Min Read

खुर्सीपार पुलिस ने दो चोरी की घटनाओं को सुलझाया, नकदी, जेवर, टीवी और मोटरसाइकिल समेत डेढ़ लाख का सामान जब्त

दुर्ग, खुर्सीपार थाना क्षेत्र में बंद मकानों का ताला और खिड़की तोड़कर चोरी करने वाले आरोपियों का पुलिस ने खुलासा किया है। 13 और 14 नवंबर की दरम्यानी रात हुई चोरी की दो घटनाओं में पुलिस ने शेखर गुप्ता (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वहीं, उसके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक मकान की खिड़की तोड़कर अलमारी से 10 हजार रुपये नकद चोरी किए थे। वहीं, दूसरे मकान से एक लाख रुपये नकद, चांदी के आभूषण, गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी, गैस चूल्हा और इंडक्शन सहित घरेलू सामान पार कर दिया था।

लगातार हुई चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच करते हुए आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में दोनों घटनाओं में उसकी और तीन बालकों की संलिप्तता उजागर हुई।

पुलिस ने आरोपियों से 14,750 रुपये नकद, करीब 52 ग्राम चांदी के आभूषण, दो गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी, गैस चूल्हा, इंडक्शन, अन्य घरेलू सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG07 CM 7021 जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

आरोपी शेखर गुप्ता को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि तीनों बालकों को संप्रेक्षण गृह पुलगांव भेजा गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवट एवं खुर्सीपार पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Link : https://shricgnewscreator.com/gang-targeting-locked-houses-busted-one-arrested-three-juveniles-also-involved/

Share This Article