कंपनी खातों में हेरफेर कर 70 लाख रुपये का गबन, पूर्व निदेशक विकास मित्तल पर मामला दर्ज

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई। हथखोज स्थित वायर इंजेक्शन टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड में कंपनी खातों से करोड़ों के लेनदेन की जांच के दौरान 70 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। प्रार्थी एवं कंपनी के संचालक विनय कुमार विश्वा की शिकायत पर पुरानी भिलाई पुलिस ने कंपनी के पूर्व निदेशक विकास कुमार मित्तल और उसके परिचित रोहित कुमार मित्तल के विरुद्ध धारा 420 व 406 के तहत अपराध दर्ज किया है।

शिकायत के अनुसार विनय विश्वा और विकास मित्तल ने संयुक्त रूप से कंपनी की स्थापना की थी। कंपनी में बतौर शेयरहोल्डर शामिल विकास मित्तल ही सभी बैंक खातों का संचालन, भुगतान, लेनदेन और ओटीपी-वेरिफिकेशन संभालता था। प्रार्थी द्वारा उस पर पूर्ण विश्वास किया जाता था, इसलिए उसके कार्यों में कभी हस्तक्षेप नहीं किया गया।

तीन अप्रैल 2024 को विकास मित्तल ने अचानक इस्तीफा दे दिया, जिसे अगले दिन स्वीकृत कर लिया गया। इसके बाद कंपनी का ऑडिट कराया गया तो पता चला कि कई खातों में हेरफेर कर कुल 70 लाख रुपये का गबन किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि यह पूरी राशि विकास मित्तल ने अपने परिचित रोहित मित्तल की फर्म श्री केसरीनंदन स्टील के खाते में ट्रांसफर की थी।

पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

Share This Article