भिलाई, नवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था और परंपरा का सुंदर संगम छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई-3 स्थित बंगले में देखने मिला। श्रीराम नवमी के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर नवमी हवन-पूजन एवं भोग-भंडारे का आयोजन बड़े श्रद्धा और विधि-विधान के साथ किया गया।
कार्यक्रम की विशेषता रही ‘कन्या पूजन’, जिसमें नौ कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन-अर्चन किया गया। भूपेश बघेल ने स्वयं अपनी धर्मपत्नी मुक्तेश्वरी बघेल, पुत्र चैतन्य बघेल एवं पुत्रवधू सहित पूरे परिवार के साथ कन्याओं के चरण पखारकर उनकी पूजा अर्चना की और उन्हें उपहार व प्रसाद भेंट किया। यह दृश्य न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक था, बल्कि भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान की परंपरा को भी दर्शाता है।
इस अवसर पर आयोजित भोग-भंडारे में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, समर्थक एवं आमजन शामिल हुए। पत्रकारों से चर्चा में भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को नवमी और श्रीराम नवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि हमें शक्ति, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देती है तथा समाज में सद्भाव और एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करती है।


