बसंत पंचमी पर वाणिज्य विभाग में मां सरस्वती का विधिवत पूजन

Editor
By Editor 2 Min Read

डॉक्टर खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया ज्ञान का पर्व

भिलाई, डॉक्टर खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई 3 के वाणिज्य विभाग परिषद द्वारा बसंत पंचमी के पावन अवसर पर मां सरस्वती का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भी श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मां सरस्वती की स्तुति कर ज्ञान, विवेक और सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की। विद्यार्थियों ने मां से आशीर्वाद मांगा कि उनका भविष्य सत्य, ईमानदारी और परिश्रम के मार्ग पर अग्रसर रहे तथा वे अपने जीवन के उद्देश्य को प्राप्त करें।

वाणिज्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अल्पना दुबे ने मां सरस्वती को पीले रंग की चुनरी, पुष्प, नारियल एवं बसंत पंचमी पर अर्पित किए जाने वाले नवीन ऋतु फलों  बेर, संतरा, आम का मोर सहित अन्य फलों का भोग लगाकर विधिवत पूजन किया। महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण इस अवसर पर उपस्थित रहे एवं मां सरस्वती का वंदन किया।

अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन न केवल हमें अपनी आस्था और विश्वास से जोड़ते हैं, बल्कि यह भी स्मरण कराते हैं कि हम कितने ही सफल क्यों न हो जाएं, हमारी जड़ें सदैव अपने धर्म, संस्कृति और जन्मभूमि से जुड़ी रहती हैं।

कार्यक्रम में डॉ. शीला विजय, डॉ. मंजुला गुप्ता, डॉ. मनीष कलरा, डॉ. ममता सराफ, डॉ. श्रीकांत प्रधान, रेनू वर्मा, दिनेश देवांगन, योगिता ठाकुर, डॉ. नीलम गुप्ता, डॉ. दीप्ति बघेल, एन.वी. सुषमा, अतिथि व्याख्याता एवं एमकॉम के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। अंत में सभी ने एक-दूसरे को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Share This Article