भिलाई, नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 18 उत्तर वसुंधरा नगर, उम्दा रोड स्थित ओशो उपवन में लंबे समय से प्रतीक्षित शौचालय निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ गुरुवार को भूमि पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में महापौर निर्मल कोसरे, सभापति कृष्णा चंद्राकर एवं वार्ड पार्षद अभिषेक वर्मा ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की नींव रखी।
ओशो सन्यासियों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
ओशो उपवन ध्यान, साधना और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ओशो सन्यासी, साधक एवं नागरिक पहुंचते हैं। यहां शौचालय की सुविधा नहीं होने से महिलाओं, बुजुर्गों और आगंतुकों को असुविधा का सामना करना पड़ता था। लंबे समय से शौचालय निर्माण की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। इस निर्माण से उपवन में आने वाले लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी।

जनसुविधा और स्वच्छता की दिशा में अहम कदम
भूमि पूजन अवसर पर महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि नगर निगम द्वारा नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता और सार्वजनिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि ओशो उपवन जैसे सार्वजनिक और आध्यात्मिक स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार नगर के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन
सभापति कृष्णा चंद्राकर एवं वार्ड पार्षद अभिषेक वर्मा ने कहा कि शौचालय निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण कर आमजन को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में रही जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी
भूमि पूजन कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनोज मढ़रिया, कमलेश चंद्राकर, वरिष्ठ ओशो सन्यासी रामसेवक वर्मा, ओशो उपवन समिति के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ओशो सन्यासी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को जनहित में आवश्यक बताते हुए नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
ओशो सन्यासियों में खुशी का माहौल
भूमि पूजन के साथ ही ओशो उपवन में प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस तरह की सुविधाएं न केवल साधकों के लिए सहायक होंगी, बल्कि स्वच्छता और शहर के विकास को भी नई दिशा देंगी।


