मां के साथ स्कूटी से स्कूल जाते वक्त हुआ हादसा, इलाज के दौरान सुपेला के स्पर्श हॉस्पिटल में तोड़ा दम
भिलाई, तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन की ठोकर से एक पांच साल की मासूम छात्रा की मौत हो गई। घटना के समय छात्रा अपनी मां के साथ स्कूटी में स्कूल जा रही थी। यह हादसा पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे आईटीआई के नजदीक होण्डा शो रूम के पास हुई। मृतका श्रेया जांगड़े पिता भूपेंद्र जांगड़े ( 5 साल ) क्वार्टर नं 9 सी सड़क 37 जोन – 2 खुर्सीपार की निवासी है।
घटना में मृतका बच्ची की मां किरण जांगड़े घायल हो गई है।पुलिस के मुताबिक मृतका बच्ची श्रेया जांगड़े शंकराचार्य स्कूल हुडको में पढ़ती थी। बीते 3 फरवरी को किरण जांगड़े स्कूटी टीवीएस क्यूब सीजी 07 सीवाय 9360 में श्रेया जांगड़े को स्कूल छोड़ने खुर्सीपार घर से हुडको जा रही थी। इसी दौरान पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे होण्डा शो रूम के पास विपरीत दिशा से आ रही ट्रेलर वाहन सीजी 04 एचबी 3911 के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी सवार मां और बेटी को जोरदार ठोकर मार दिया। घटना की जानकारी मिलते ही भूपेंद्र जांगड़े ने अपनी पत्नी व बेटी को गायत्री हॉस्पिटल सुपेला में भर्ती कराया।
वहां पर श्रेया जांगड़े की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों की सलाह पर उसे स्पर्श हॉस्पिटल सुपेला ले जाया गया। यहां पर इलाज के दौरान श्रेया ने रात 8 बजे दम तोड़ दिया। वहीं बच्ची की मां किरण जांगड़े का अभी भी इलाज चल रहा है। स्पर्श हॉस्पिटल प्रबंधन की सूचना पर थाना सुपेला पुलिस मर्ग कायम कर ट्रेलर चालक के खिलाफ धारा 281 , 125 ( ए ), 106 ( 1 ) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर डायरी खुर्सीपार थाने भेज दिया है।


