कलेक्ट्रेट के सामने किसान ने स्वयं पर डाला पेट्रोल, मचा हडकंप

Editor
By Editor 1 Min Read

दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के 19 गांवों के करीब 1650 किसान मुआवजा निर्धारण में गड़बड़ी से आक्रोशित हैं

भिलाई,  400 केवी टावर लाइन परियोजना से प्रभावित किसानों ने मुआवजा वितरण में अनियमितता और पारदर्शिता के अभाव का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कलेक्ट्रेट का घेराव किया। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के 19 गांवों के करीब 1650 किसान मुआवजा निर्धारण में गड़बड़ी से आक्रोशित हैं।

प्रदर्शन के दौरान जनपद सदस्य व किसान नेता ढालेश साहू ने गुस्से में आकर अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया, जिससे मौके पर सनसनी फैल गई। पुलिस ने तत्परता से स्थिति संभाली और साहू समेत किसानों को कलेक्टर से मिलवाया गया।

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आश्वासन दिया कि तीन दिन के भीतर सभी पंचायतों में मुआवजा सूची सार्वजनिक की जाएगी। किसानों का कहना है कि पूर्व में चार बार प्रदर्शन किया गया, लेकिन अधिकारियों ने बात नहीं सुनी।
किसानों ने प्रशासन पर मुआवजा अधिनियम 2013 और शासनादेश 2025 के प्रावधानों की अनदेखी का आरोप लगाया है। प्रदर्शन की सूचना पहले ही दी जा चुकी थी, बावजूद इसके समाधान नहीं हुआ, जिससे किसानों में आक्रोश है।

Share This Article