रायपुर, धरसीवां क्षेत्र के सिलतरा चौकी अंतर्गत सोंडरा गांव में सोमवार को जमीन विवाद ने ऐसा ‘हाईटेंशन’ रूप ले लिया कि एक ग्रामीण सीधे बिजली के हाइटेंशन लाइन के टावर पर जा चढ़ा। देखते ही देखते गांव में हड़कंप मच गया और प्रशासन की सांसें भी अटक गईं।
जानकारी के अनुसार सोंडरा निवासी किशन लाल निषाद अपनी जमीन को कब्जे से मुक्त कराने की मांग को लेकर हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गया। ग्रामीण का आरोप है कि उसकी जमीन पर एक कंपनी ने कब्जा कर रखा है और पिछले करीब 12 वर्षों से वह अपनी जमीन वापस पाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है। लेकिन फाइलों की धूल झाड़ने के अलावा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार जब सुनवाई नहीं हुई तो उसने अपना गुस्सा और बेबसी दोनों ‘ऊंचाई’ पर पहुंचा दी। घटना की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए बिजली विभाग ने तत्काल क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। वहीं तहसीलदार, एसडीएम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और ग्रामीण को समझाने की कोशिश करती रही। टावर पर बैठे किशन लाल का साफ कहना था कि जब तक उसकी जमीन को कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू नहीं होती, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। इस बीच मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जमा हो गए और पूरे घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। गांव में लोग चुटकी लेते नजर आए कि जब दफ्तरों में आवेदन ‘करंट’ नहीं पैदा कर पाए, तो आखिरकार किसान को ही हाईटेंशन लाइन पकड़नी पड़ी। फिलहाल प्रशासन ग्रामीण को सुरक्षित नीचे उतारने और मामले को शांत कराने की कवायद में जुटा रहा।


