भिलाई, थाना रानीतरई क्षेत्र के ग्राम केंवरा में खेत में पानी डालने को लेकर चल रही पुरानी रंजिश ने एक व्यक्ति की जान ले ली। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 फरवरी 2026 को ग्राम केंवरा स्थित एक कृषि खेत में एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना रानीतरई की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अमर सिंह साहू के रूप में हुई, जिनके सिर और गर्दन पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।
जांच के दौरान यह सामने आया कि खेत में पानी डालने की बात को लेकर मृतक और आरोपी के बीच पूर्व से विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर हत्या की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 21/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। साक्ष्य संकलन, घटनास्थल निरीक्षण एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदेही मोहन लाल सिन्हा (48 वर्ष), निवासी ग्राम केंवरा, थाना रानीतरई, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक धारदार हथियार जप्त किया गया है।
उक्त कार्रवाई में एसआईयू टीम प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद हरिश, थाना प्रभारी रानीतरई निरीक्षक कमल सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश राठोर, सहायक उपनिरीक्षक श्याम सिंह, प्रधान आरक्षक तिलक साहू, आरक्षक नरेन्द्र वर्मा एवं अन्य स्टाफ की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।


