साप्ताहिक बाजार में नकली नोट का भंडाफोड़: पति-पत्नी गिरफ्तार, 1.70 लाख रुपये के नकली नोट बरामद

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई। दुर्ग जिले के रानीतराई और पाटन साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलाने का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने आरोपी अरुण तुरंग (50 वर्ष) और उसकी पत्नी राखी तुरंग (40 वर्ष) को हिरासत में लिया है। दोनों का निवास सोनपैरी, मुजगहन, जिला रायपुर है। उनके खिलाफ थाना रानीतराई में विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 29 दिसंबर को तुलेश्वर सोनकर ने पुलिस को सूचना दी कि रानीतराई बाजार में आरोपी नकली नोट से सामान खरीद रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर अरुण और राखी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ऑनलाइन कलर प्रिंटर, फोटो कॉपी और पेपर मंगाकर 500, 200 और 100 रुपये के नकली नोट छापे और इन्हें पाटन तथा रानीतराई साप्ताहिक बाजार में चलाया।

पुलिस ने उनके निवास सोनपैरी, मुजगहन, रायपुर में तलाशी ली। तलाशी के दौरान कलर फोटो कॉपी मशीन, पेपर और कुल 1,70,500 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। इसमें 1,65,300 रुपये घर से और 5,200 रुपये बाजार से जप्त किए गए।

अभियुक्तों ने विभिन्न व्यापारियों से नकली नोट देकर सामान खरीदा। पुलिस ने बताया कि मामले की अग्रिम जांच और आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है।
पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लेन-देन की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

Share This Article