सर्विस लेन से हटाया गया अतिक्रमण, क्रेन से जब्त किए कंडम व पार्किंग में खड़े वाहन

Editor
By Editor 2 Min Read

सड़क सुरक्षा माह में भिलाई–चरोदा निगम और ट्रैफिक पुलिस का संयुक्त अभियान, व्यापारियों ने जताया विरोध

भिलाई, सड़क सुरक्षा माह के तहत फोरलेन की सर्विस लेन को अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए भिलाई नगर निगम और चरोदा नगर निगम ने ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर बुधवार को एक बार फिर अभियान चलाया। इस दौरान सर्विस लेन पर खड़े कंडम वाहनों सहित अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को क्रेन की मदद से जब्त किया गया।

भिलाई नगर निगम की टीम ने सुपेला चौक से दुर्ग की ओर अभियान चलाकर सर्विस लेन में सुगम यातायात सुनिश्चित करने कार्रवाई की। वहीं चरोदा नगर निगम ने भिलाई-3 क्षेत्र में बिजली कॉलोनी के पहले गेट से अभियान की शुरुआत करते हुए भिलाई-3 की ओर बढ़ते हुए अतिक्रमण हटाया।

अभियान के दौरान एसडीएम महेश राजपूत, तहसीलदार रवि विश्वकर्मा, निगम आयुक्त डीएस राजपूत, लोकल पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और निगम का अमला मौके पर मौजूद रहा। दोनों नगर निगमों ने सर्विस लेन पर खड़े कंडम वाहनों को जब्त कर क्रेन से उठवाया, साथ ही नियम विरुद्ध पार्किंग करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।

भिलाई-3 क्षेत्र में इस कार्रवाई को लेकर व्यापारियों ने निगम और ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। व्यापारियों का कहना है कि भिलाई-3 और चरोदा क्षेत्र में कहीं भी पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसी स्थिति में दुकानदारों और ग्राहकों को मजबूरी में दुकानों के पास वाहन खड़े करने पड़ते हैं। व्यापारियों ने यह भी कहा कि वे ग्राहकों को वाहन लेकर न आने के लिए नहीं कह सकते।

वहीं निगम प्रशासन का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई सड़क सुरक्षा माह के दौरान लगातार जारी रहेगी।

वीडियो
Share This Article