भिलाई। युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भिलाई एवं दुर्ग में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, दुर्ग में 8 जनवरी 2026 को कैंपस ड्राइव सह प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाएगा, जबकि आदर्श शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, जीई रोड पावरहाउस भिलाई में 12 जनवरी 2026 को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेला (पीएमएनएएम) का आयोजन किया जाएगा।
दुर्ग आईटीआई में आयोजित प्लेसमेंट कैंप में जिनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, गुरुग्राम (हरियाणा) द्वारा छत्तीसगढ़ लोकेशन हेतु विद्युतकार ट्रेड, श्री राम सीमलेस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा जोरातराई लोकेशन हेतु विद्युतकार, फिटर, टर्नर, कोपा एवं मशीनिस्ट ट्रेड तथा योगराज इंजीनियरिंग, जुनवानी द्वारा लैथ ऑपरेटर/टर्नर पदों के लिए अप्रेंटिसशिप एवं नियमित नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थी 8 जनवरी को सुबह 10 बजे शासकीय आईटीआई दुर्ग (बालोद रोड, पुलगांव चौक) में पंजीयन करा सकते हैं।
इसी क्रम में 12 जनवरी को भिलाई में आयोजित प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेले में 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। इस मेले में वासलोह बीके कास्टिंग्स लिमिटेड, विष्णु केमिकल्स, एक्मे ऑटोमेशन, सिम्प्लेक्स कास्टिंग्स, जय बालाजी इंडस्ट्रीज तथा माइंडलैब्स मीडिया टेक सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां विभिन्न ट्रेड्स में अवसर प्रदान करेंगी।
दोनों आयोजनों में अभ्यर्थियों को बायोडाटा, शैक्षणिक एवं तकनीकी दस्तावेज, आधार कार्ड एवं पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। आयु सीमा 18 से 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आयोजकों ने पात्र युवाओं से इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।


