ग्यारहवीं के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
भिलाई, चरोदा, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय चरोदा, भिलाई में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह बड़े हर्ष, उल्लास एवं आत्मीय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर छात्रों के सम्मान में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसमें जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स के साथ बिताए गए अनुभवों को साझा किया। इसके पश्चात गीत, नृत्य, कविता पाठ एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भावुक और आनंदमय बना दिया। विद्यार्थियों ने अपने सीनियर साथियों को स्मृतिचिह्न भेंट कर विदाई दी।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य जे. पी. श्याम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी बारहवीं के विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं लेक्चरर दीवान, वैद्य, स्वाती, दीपशिखा चंद्राकर, श्वेता सिंह, सविता देवांगन, रिचा सिंह, भुनेश्वरी यादव, हरिशंकर वर्मा, भूपेंद्र कुमार, अश्विनी पिल्ले, घनश्याम शर्मा, रोहित पटेल सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें जीवन में आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।


