अहिवारा, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) कार्यालय, अहिवारा संभाग में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, दुर्ग द्वारा “विद्युत उपभोक्ता जागरूकता” विषय पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा विद्युत सेवाओं से संबंधित शिकायत निवारण व्यवस्था की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था।
बैठक में फोरम अध्यक्ष पी.वी. सजीव, फोरम सदस्य ममता कश्यप, कार्यपालन अभियंता टी.एल. सहारे, सहायक अभियंता अनिल कुमार धनकर, सहायक अभियंता (कार्यालय) जी.पी. शिवारे सहित कनिष्ठ अभियंता राहुल गोपलानी, परमेश्वर वर्मा, प्रेमलाल साहू, सारिका प्रजापति एवं अर्चना राय उपस्थित रहे। इसके अलावा वितरण केंद्र अहिवारा के उपभोक्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को स्पष्ट रूप से बताया कि बिजली संबंधी किसी भी समस्या के समाधान के लिए निर्धारित शिकायत निवारण तंत्र का उपयोग कैसे किया जाए। उन्हें शिकायत दर्ज करने के माध्यम, समयबद्ध समाधान प्रक्रिया तथा प्रत्येक स्तर पर निर्धारित समय-सीमा की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने यह भी समझाया कि उपभोक्ता पहले अपने स्थानीय वितरण केंद्र में शिकायत दर्ज करें, समाधान न होने पर उसे आगे फोरम स्तर तक ले जाया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपभोक्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया गया, जिसमें उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अनुभवों को गंभीरता से सुना गया। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों पर तत्काल मार्गदर्शन देते हुए समाधान की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया समझाई, जिससे उपभोक्ताओं में विश्वास और पारदर्शिता की भावना और अधिक मजबूत हुई।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि उपभोक्ता यदि अपनी जिम्मेदारियों और अधिकारों के प्रति जागरूक रहें तो विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बन सकती है। साथ ही ऊर्जा की बचत, सुरक्षित विद्युत उपयोग और अनावश्यक शिकायतों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी दी गई।
उपस्थित उपभोक्ताओं ने इस जन-जागरूकता पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें न केवल अपनी समस्याओं के समाधान की सही प्रक्रिया समझ में आती है, बल्कि विभाग के प्रति विश्वास भी बढ़ता है।






