नो पार्किंग में खड़े 96 वाहनों पर ई-चालान, ऑटो डीलरों के 14 दोपहिया वाहन कार्रवाई के लिए सुपुर्द

Editor
By Editor 3 Min Read

मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने वाले 8 वाहनों पर भी कार्रवाई, सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने ऑटो डीलरों को दी समझाइश

भिलाई, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने पावर हाउस से सुपेला क्षेत्र तक विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान नो पार्किंग क्षेत्र और सड़क किनारे वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले 96 वाहन चालकों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। वहीं सड़क पर वाहन खड़े कर बिक्री अथवा प्रदर्शन करने वाले ऑटो डीलरों के 14 दोपहिया वाहनों को धारा 152 के तहत कार्रवाई के लिए थाना छावनी में सुपुर्द किया गया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने मुख्य मार्गों और नो पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों की जांच की। पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने और सड़क व नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने की समझाइश भी दी।

सड़क पर वाहन खड़ा करने वाले डीलरों पर कार्रवाई

अभियान के दौरान ऑटो डीलरों द्वारा सड़क पर खड़े किए गए 14 दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन वाहनों को धारा 152 के तहत कार्रवाई के लिए थाना छावनी में सुपुर्द किया गया। यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क पर वाहनों को खड़ा कर बिक्री अथवा प्रदर्शन करने से आम लोगों के आवागमन में परेशानी होती है और यातायात बाधित होता है।

मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाना पड़ा महंगा

यातायात पुलिस ने मालवाहक वाहनों की भी जांच की। जांच के दौरान मालवाहक वाहनों में सवारी का परिवहन करते पाए गए 8 वाहनों के खिलाफ परमिट की शर्तों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को बताया कि मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाना दुर्घटना की दृष्टि से बेहद जोखिमपूर्ण है। वाहन का संचालन निर्धारित परमिट और यातायात नियमों के अनुरूप ही किया जाना चाहिए।

ऑटो डीलरों को दी गई समझाइश

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने मौके पर ऑटो डीलरों को सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर वाहन खड़े नहीं करने की समझाइश दी। उन्होंने वाहनों को निर्धारित अथवा निजी स्थान पर पार्क करने कहा, ताकि आम नागरिकों के आवागमन में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी

यातायात पुलिस दुर्ग ने आम नागरिकों और वाहन संचालकों से अपील की है कि नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करें। मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाएं और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Link : https://shricgnewscreator.com/e-challans-issued-against-96-vehicles-parked-in-no-parking-zones-14-two-wheelers-of-auto-dealers-handed-over-for-action/

Share This Article