जिले भर में एक साथ रातभर चला विशेष अभियान, राजपत्रित अधिकारियों की रही निगरानी
भिलाई। सार्वजनिक स्थलों पर शराबखोरी और अड्डेबाजी से उत्पन्न कानून-व्यवस्था की समस्या पर अंकुश लगाने दुर्ग पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। ऑपरेशन विश्वास के तहत 16 जनवरी की रात जिले के सभी थाना व चौकी क्षेत्रों में एक साथ सघन छापेमारी की गई। इस दौरान खुले में शराब सेवन व अड्डेबाजी करते पाए गए 94 आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
जिलेभर में चलाए गए इस विशेष अभियान की कमान राजपत्रित अधिकारियों के हाथों में रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना था।
कार्रवाई के दौरान थाना सुपेला क्षेत्र से 21, मोहन नगर से 10, छावनी से 9, पुरानी भिलाई से 8, पाटन से 7, वैशाली नगर से 6, कुम्हारी व खुर्सीपार से 5-5, जामुल व अमलेश्वर से 4-4, पुलगांव, दुर्ग व धमधा से 3-3 तथा नेवई, अंडा, रानीतराई और जामगांव एम से 1-1 आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए।
दुर्ग पुलिस ने दो टूक कहा है कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


