ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई — दो आरोपी गिरफ्तार, 130 शीशी नशीली कफ सिरप जब्त

Editor
By Editor 2 Min Read

दुर्ग। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रतिबंधित कोडीन फॉस्फेट युक्त कफ सिरप की 130 शीशियां (कुल मात्रा 13 लीटर) बरामद की हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अपने-अपने वाहनों में नशीली कफ सिरप लेकर बिक्री के लिए पीसेगांव बांथा तालाब, नदी रोड थाना पुलगांव क्षेत्र में ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलगांव थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वासु चंद्राकर उर्फ गोलू (निवासी बैगा पारा, दुर्ग) और संजय तिवारी उर्फ सोनू (निवासी गया नगर, दुर्ग) के रूप में हुई है।
पुलिस ने संजय तिवारी के कब्जे से एक्टिवा वाहन क्रमांक CG07 BK 7647 में रखे कार्टन से 70 शीशी कोडीन फॉस्फेट कफ सिरप (7 लीटर, कीमत ₹12,460) और वासु चंद्राकर के कब्जे से उसी मॉडल के वाहन से 60 शीशी (6 लीटर, कीमत ₹10,680) बरामद की।
इसके अलावा दोनों से ₹3,000 नकद, दो मोबाइल फोन (कुल कीमत ₹25,000) और दोनों वाहन भी जब्त किए गए हैं।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुलगांव में अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
अभियान में थाना पुलगांव पुलिस की टीम ने त्वरित और सराहनीय कार्रवाई करते हुए जिले में नशीली दवाओं के अवैध व्यापार पर प्रभावी रोक लगाई है।

Share This Article