दुर्ग पुलिस साइबर सेल का विशेष अभियान, 6 खाताधारकों पर कार्रवाई

Editor
By Editor 2 Min Read

दुर्ग। साइबर ठगी के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए दुर्ग पुलिस साइबर सेल ने विशेष अभियान चलाकर 6 खाताधारकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले में दर्ज साइबर धोखाधड़ी प्रकरणों की समीक्षा के दौरान यह खुलासा हुआ कि विभिन्न बैंकों के खातों में ठगी की रकम प्राप्त कर चेक व अन्य माध्यमों से उसकी निकासी की जा रही थी।

11 फरवरी 2026 को गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए ऐसे 6 खाताधारकों को चिन्हित कर पूछताछ की तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की। जांच में सामने आया कि एक बैंक खाता कुल 26 प्रकरणों में संलिप्त पाया गया। वहीं एक अन्य खाते में 13 लाख रुपये की संदिग्ध राशि का लेन-देन हुआ। इसके अतिरिक्त 15 हजार, 38,800 रुपये तथा 50 लाख रुपये तक की धोखाधड़ी राशि विभिन्न खातों के माध्यम से आहरित कर उपयोग किए जाने के तथ्य सामने आए हैं।

पुलिस के अनुसार संबंधित प्रकरणों में पूर्व से अपराध पंजीबद्ध हैं, जबकि अन्य मामलों में अपराध क्रमांक दर्ज कर विवेचना जारी है। कार्रवाई जिला दुर्ग अंतर्गत विभिन्न बैंक शाखाओं एवं संबंधित खाता संचालन स्थलों पर की गई।

कार्रवाई के दौरान रूपेश बंजारे, आजेंद्र साहू, जावेद शेख, सरस्वती निषाद, हेमा बिनानी एवं अभिषेक गुप्ता (सभी निवासी दुर्ग) के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की गई। पुलिस ने संबंधित बैंक खातों के दस्तावेज, लेन-देन अभिलेख, चेक एवं अन्य बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं।

इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल दुर्ग के प्रभारी अधिकारी, उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों एवं तकनीकी टीम की सक्रिय और समन्वित भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध कॉल, लिंक या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी से संबंधित किसी भी घटना की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम थाना में दें। साइबर अपराध में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article