स्कूल में टीचर की कमी, बच्चों व अभिभावकों ने किया सड़क जाम

Editor
By Editor 2 Min Read

दुर्ग। दुर्ग जिले के ग्राम बेलौदी में स्कूल में टीचर की कमी को लेकर छात्रों और अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ सड़क जाम कर दिया। मंगलवार को मध्य एवं प्राथमिक स्कूल के बच्चे अपने अभिभावकों के साथ सड़कों पर उतरे और दुर्ग से नागपुरा रोड को पूरी तरह से जाम कर दिया।

ग्रामवासी पिछले कई महीनों से स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर शिकायत कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। टीचरों की कमी के कारण बच्चे नियमित पढ़ाई से वंचित हैं, जिससे उनके भविष्य पर असर पड़ने की आशंका जताई गई।

सड़क जाम के दौरान ग्रामीण और अभिभावक धरने पर बैठे और स्कूल में तत्काल योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे आंदोलन जारी रखेंगे। जाम की वजह से सड़क पर आवाजाही बाधित हुई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

वहीं, स्कूल प्रिंसिपल ने बताया कि कई शिक्षक फिलहाल बीएलओ की ड्यूटी में लगे हैं, जिसके कारण स्कूल में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने इस समस्या के समाधान की उम्मीद उच्च अधिकारियों से जताई।

पुलिस भी स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मांग है कि सरकार और शिक्षा विभाग स्कूल में तत्काल टीचर की व्यवस्था कराए ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। इस घटना ने फिर से शिक्षा व्यवस्था की कमियों को उजागर कर दिया है।

Share This Article