भिलाई, शराब पीने को लेकर हुए विवाद में चाचा ने भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी। देर रात यह वारदात जामुल के रावण भाठा में हुई। नशे की हालत में बहस के बाद आरोपी चाचा ने लोहे की पाइप से भतीजे के सिर पर कईं बार वार किया। जामुल थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक हेमंत साहू ( 19 वर्ष ) है। वहीं आरोपी आशीष साहू ( 25 वर्ष ) रावण भाठा जामुल का रहने वाला है।
होली के अवसर पर एक साथ शराब पीने बैठे चाचा और भतीजे के बीच नशे की हालत में उपजा बहस खूनी वारदात में तब्दील हो गया। यह वारदात 2 मार्च की रात में जामुल नगर के रावण भाठा में हुई। थाने को 11:30 बजे इस वारदात की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक चाचा-भतीजे के बीच शराब सेवन को लेकर हुआ विवाद हत्या का कारण बन गया। घटना के पश्चात फरार आरोपी आशीष साहू को 10 घंटे के भीतर घेराबंदी कर पकड़ा गया। घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। रावण भाठा जामुल निवासी हेमंत साहू के हत्या की सूचना पर थाना जामुल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची एवं घटना की तस्दीक की गई। जांच में पाया गया कि मृतक हेमंत साहू एवं उसके चाचा आशीष साहू के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आशीष द्वारा लोहे के पाइप से मृतक के सिर के पीछे बार-बार प्रहार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत अवस्था में गिर गया और उसकी मौत हो गई।
मृतक की मा ललिता साहू की रिपोर्ट पर थाना जामुल में धारा 103 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना उपरांत आरोपी फरार हो गया था। पुलिस टीम द्वारा त्वरित पतासाजी एवं घेराबंदी कर आज 3 मार्च को घटना के 10 घंटे से कम समय के भीतर आरोपी आशीष साहू को जामुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप जब्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया है।
शराब के नशे में विवाद, भतीजे की हत्या


