भिलाई, ग्राम बागडुमर एवं आश्रित ग्राम सेमरिया में सरपंच के खिलाफ लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण भिलाई-3 स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचे और प्रस्ताव का विरोध करते हुए ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक पंच द्वारा अन्य पंचों को प्रलोभन देकर अविश्वास प्रस्ताव लाने की कोशिश की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान सरपंच दामिनी साहू ने अपने कार्यकाल में गांव में कई विकास कार्य कराए हैं, जिससे अधिकांश लोग संतुष्ट हैं। उनका कहना है कि कुछ पंच निजी स्वार्थ के चलते दबाव बनाते हैं और मांग पूरी नहीं होने पर अविश्वास प्रस्ताव की साजिश रच रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रस्ताव का नेतृत्व कर रहा पंच स्वयं गांव में अवैध कब्जों में संलिप्त है।
वहीं दूसरी ओर, ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच एवं वर्तमान पंच दीपक सोनी सहित 11 पंच भी एसडीएम कार्यालय पहुंचे और सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का आवेदन सौंपा। बागडुमर पंचायत में कुल 16 वार्ड हैं, जिनमें से एक वार्ड रिक्त है। इस प्रकार वर्तमान में 15 पंच कार्यरत हैं, जिनमें से 11 ने प्रस्ताव का समर्थन किया है।
इस मामले में एसडीएम महेश सिंह राजपूत ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण और अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनकी जांच के लिए तहसीलदार को निर्देशित किया गया है। वहीं अविश्वास प्रस्ताव के आवेदन पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


