यातायात विभाग की लापरवाही से बढ़ी दुर्घटना की आशंका
भिलाई 3, भिलाई, फोरलेन मार्ग पर सिरसा गेट चौक के पास यातायात पुलिस की लापरवाही एक बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। भारी वाहनों की आवाजाही को सर्विस रोड से रोकने के लिए यातायात पुलिस द्वारा रायपुर-दुर्ग लेन पर सिरसा गेट से पहले गार्डन के पास सर्विस रोड के बीचो-बीच एक बड़ा कंक्रीट का बॉक्स रख दिया गया है। इस अव्यवस्थित और बिना सुरक्षा संकेत के रखे गए बॉक्स से दुर्घटना की आशंकाएं लगातार बढ़ रही हैं।
शनिवार सुबह इसी कंक्रीट बॉक्स से टकराकर एक दोपहिया सवार रेलवे कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि घायल कर्मचारी रेलवे का लोको पायलट है, जो चरोदा स्थित रेलवे रनिंग ऑफिस ड्यूटी पर जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल कर्मचारी को तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस रोड पर भारी वाहन आ जाने के कारण सिरसा गेट चौक पर अक्सर लंबा जाम लग जाता था। इसी को रोकने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने कंक्रीट का भारी भरकम बॉक्स रख दिया, लेकिन जिस स्थान पर यह बॉक्स रखा गया है वहां न तो पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था है और न ही किसी प्रकार की चेतावनी का बोर्ड लगाया गया है। अंधेरा के कारण यह बॉक्स दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटनाएं होना स्वाभाविक है।
इस हादसे ने एक बार फिर शासन और यातायात विभाग की लापरवाही को उजागर कर दिया है। लोगों की मांग है कि या तो इस कंक्रीट अवरोध को सुरक्षित तरीके से हटाया जाए या उस पर पर्याप्त लाइट, संकेतक और रेडियम पट्टी लगाई जाए, ताकि भविष्य में किसी और की जान खतरे में न पड़े।


