भिलाई। भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत देवबलोदा स्थित प्राचीन एवं आस्था के केंद्र शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर 15 फरवरी को भव्य मेला आयोजित किया जाएगा। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम द्वारा दो दिवसीय देवबलोदा महोत्सव का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसे लेकर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महाशिवरात्रि के दिन लगने वाले इस ऐतिहासिक मेले में दूर-दराज से श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुव्यवस्थित आयोजन के उद्देश्य से शिवरात्रि मेला क्षेत्र में लगने वाली अस्थायी दुकानों, साइकिल स्टैंड तथा दोपहिया एवं चारपहिया वाहन स्टैंड की व्यवस्था की जाएगी।
इन सभी व्यवस्थाओं के संचालन हेतु नगर निगम द्वारा चार फरवरी को सुबह 11.00 बजे निगम कार्यालय के सभागार में नीलामी आयोजित की जाएगी। नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से संबंधित व्यवस्थाओं का आवंटन किया जाएगा, ताकि मेला अवधि के दौरान व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
नगर निगम प्रशासन ने नीलामी में भाग लेने के इच्छुक नागरिकों एवं व्यवसायियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर नीलामी की कार्यवाही में भाग लेना सुनिश्चित करें। निगम द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि मेला व्यवस्था में पारदर्शिता एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि रहेगी। देवबलोदा मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी है। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित यह आयोजन श्रद्धा, उत्साह और परंपरा का संगम बनकर श्रद्धालुओं के लिए यादगार अनुभव प्रदान करेगा।


