भ्रष्टाचार में संलिप्तता और गिरफ्तारी पर लोक निर्माण विभाग के एक ईई और दो एसडीओ पर कार्रवाई
रायपुर, मंगलवार, राज्य शासन ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग के एक कार्यपालन अभियंता और दो अनुविभागीय अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई बीजापुर जिले के नेलसनार–कोडोली–मिरतुल–गंगालुर मार्ग निर्माण कार्य में हुए भ्रष्टाचार के मामले में की गई है। गंगालूर थाना में अपराध पंजीबद्ध होने के बाद विवेचना के दौरान संलिप्तता पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग संभाग सुकमा के कार्यपालन अभियंता हरनारायण पात्र, उपसंभाग क्रमांक-1 बीजापुर के अनुविभागीय अधिकारी प्रमोद सिंह तंवर तथा सेतु उपसंभाग जगदलपुर के अनुविभागीय अधिकारी संतोष दास को निलंबित किया गया है।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से तीनों अभियंताओं के निलंबन आदेश जारी किए गए। निलंबन अवधि के दौरान तीनों का मुख्यालय प्रमुख अभियंता कार्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।


