मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में अधिवक्ता गणेश शुक्ला ने उठाया मुद्दा
भिलाई। शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय रायपुर में रेलवे मंडल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुरानी भिलाई से समिति सदस्य एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गणेश शुक्ला ने भाग लिया और क्षेत्र की रेल एवं यात्री सुविधाओं से जुड़ी प्रमुख समस्याओं और मांगों को मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा।
अधिवक्ता गणेश शुक्ला ने पुरानी भिलाई रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यह क्षेत्र औद्योगिक, शैक्षणिक एवं आवासीय दृष्टि से तेजी से विकसित हो रहा है। बड़ी संख्या में दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों एवं व्यापारियों को एक्सप्रेस ट्रेनों के अभाव में असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के लिए निर्धारित मापदंडों की जानकारी लेते हुए क्षेत्रवासियों की भावनाओं से रेलवे प्रशासन को अवगत कराया।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुरानी भिलाई रेलवे स्टेशन का उन्नयन किया गया है, जहां आधुनिक यात्री सुविधाओं का विस्तार हुआ है। ऐसे में यदि एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाता है, तो इन सुविधाओं का वास्तविक लाभ यात्रियों को मिलेगा और स्टेशन का महत्व और अधिक बढ़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने स्टेशन पर ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) की मांग रखते हुए कहा कि इससे यात्रियों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी और डिजिटल टिकट व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में गांधीनगर से पुरैना बस्ती के बीच आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए छोटे अंडरब्रिज के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में इस मार्ग पर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और स्थानीय नागरिक लंबे समय से इस अंडरब्रिज की मांग कर रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और जनहित से जुड़े इन विषयों पर हर संभव सहयोग एवं सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।


