पैसेंजर ट्रेन में युवक की संदिग्ध हालत में मिली लाश, स्टेशन पर हड़कंप

Editor
By Editor 2 Min Read

रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पैसेंजर ट्रेन के डिब्बे में एक युवक की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। शव फंदे पर लटका हुआ पाया गया, जिससे यात्रियों और रेलवे कर्मियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामला जीआरपी थाना रायपुर क्षेत्र का है।
सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेन को सुरक्षित कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में परिस्थितियां संदिग्ध पाई गई हैं। पुलिस इस आशंका को भी खंगाल रही है कि कहीं युवक की हत्या कर शव को फंदे पर तो नहीं लटकाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलन का काम किया।
बताया जा रहा है कि युवक की पहचान और घटना के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास मौजूद यात्रियों और रेलवे स्टाफ से पूछताछ कर रही है, वहीं ट्रेन के डिब्बे की बारीकी से जांच की जा रही है।
लाश मिलने की खबर फैलते ही रेलवे स्टेशन पर लोगों की भीड़ जुट गई। जीआरपी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

Share This Article