भिलाई। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब दो अलग अलग कुआं से महिला व बच्चे का शव निकाला गया।

दोनों शव बोरे में थे एवं हाथ व पैर बंधे हुए थे। मामला दोहरे हत्याकांड का नजर आ रहा है। मृतकों की पहचान आसपास पूछताछ के बासद भी नहीं हो पाई। पुलिस ने जांच के लिए चार टीमें बना दी हैं। दोनों की शिनाख्त के लिए आसपास व पडोसी जिले से भी जानकारी ली जा रही है।

अमलेश्वर पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह कुआं से दुर्गंध आ रही थी। भीतर देखने पर कोई भारी चीज तैरती दिखी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कुआं से करीब 10 वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया। इसके बाद पास ही एक अन्य कुआं में भी संदिग्ध चीज देखे जाने की शिकायत मिली। पुलिस ने वहां भी शव निकाला, जो कि एक महिला का था। महिला सलवार-सूट पहने हुए थी। शव ऊपर न आए इसके लिए पत्थर भी बांधा गया था। दोनों मृतकों को गांव के लोग नहीं पहचान पाए। दोनों कुआं लगभग 35 से 40 मीटर की दूरी पर हैं।
