करसा तालाब के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का पार्षद भारती राम सूर्यवंशी ने किया निरीक्षण

Editor
By Editor 2 Min Read

ग्राम देवबलोदा प्राचीन शिव मंदिर स्थित तालाब के विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश

भिलाई, ग्राम देवबलोदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर के समीप करसा तालाब में चल रहे गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का सोमवार को वार्ड पार्षद भारती राम सूर्यवंशी एवं दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस के जिला महामंत्री राम सूर्यवंशी ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्य संपादन की जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान पार्षद भारती राम सूर्यवंशी ने कहा कि करसा तालाब क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण धरोहर है। तालाब के गहरीकरण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद यह स्थल स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिला महामंत्री राम सूर्यवंशी ने कहा कि तालाबों का संरक्षण और पुनर्जीवन वर्तमान समय की आवश्यकता है। जल स्रोतों के संरक्षण से भू-जल स्तर में सुधार होगा तथा आने वाली पीढ़ियों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान तालाब में किए जा रहे गहरीकरण कार्य, तटबंधों की मजबूती, स्वच्छता व्यवस्था तथा प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी ली गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।

स्थानीय नागरिकों ने भी तालाब के विकास कार्यों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि कार्य पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं की दृष्टि से और अधिक विकसित होगा।

Share This Article