भिलाई में उपभोक्ता बने बिजली निर्माता, जीरो बिजली बिल से भी राहत

Editor
By Editor 3 Min Read

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से बदली तस्वीर

भिलाई। बढ़ती बिजली खपत और लगातार बढ़ते बिजली बिल से आम नागरिकों को राहत दिलाने में केंद्र एवं राज्य सरकार की सौर ऊर्जा योजनाएं निर्णायक साबित हो रही हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और राज्य शासन की सब्सिडी का लाभ उठाकर भिलाई के नागरिक न केवल अपने बिजली बिल से मुक्ति पा रहे हैं, बल्कि स्वच्छ और आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में भी कदम बढ़ा रहे हैं। इसका जीवंत उदाहरण हुडको निवासी आकाश झमनानी और जसदेव सिंह जब्बल हैं, जिन्होंने सौर ऊर्जा अपनाकर बिजली उपभोक्ता से बिजली निर्माता बनने की मिसाल पेश की है।

हुडको निवासी आकाश झमनानी ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल सिस्टम स्थापित कराया है। इसके बाद पिछले छह महीनों से उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है। आकाश झमनानी बताते हैं कि बढ़ती बिजली जरूरतों के कारण उनका बिल लगातार बढ़ रहा था, जिससे वे चिंतित थे। पड़ोसियों से सोलर पैनल के लाभ जानने के बाद उन्होंने भी यह निर्णय लिया। इस परियोजना में उन्हें सरकार की ओर से 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी मिली, जिससे निवेश आसान हो गया। अब वे घरेलू बचत से उत्साहित होकर अपनी दुकान के लिए कमर्शियल सोलर प्लांट लगाने की योजना बना रहे हैं।

इसी तरह जसदेव सिंह जब्बल ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अपने घर में 4 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया है। तीन से चार महीनों में ही इसका सकारात्मक परिणाम सामने आ गया। जसदेव सिंह बताते हैं कि अब उनका घर खुद की जरूरत की बिजली स्वयं उत्पन्न कर रहा है और बिजली बिल पूरी तरह खत्म हो गया है। उन्हें कुल 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिसमें 78 हजार रुपये केंद्र सरकार एवं 30 हजार रुपये राज्य सरकार द्वारा प्रदान किए गए। आवेदन के महज एक माह के भीतर सब्सिडी की राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा हो गई।
दोनों उपभोक्ताओं का मानना है कि सौर ऊर्जा न केवल आर्थिक रूप से लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी सबसे प्रभावी माध्यम है। इससे जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता घटती है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ भविष्य सुनिश्चित होता है।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता संजय खंडेलवाल ने कहा कि सरकार सौर ऊर्जा योजनाओं में भारी सब्सिडी प्रदान कर रही है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सोलर ऊर्जा अपनाकर उपभोक्ता न केवल अपने बिजली बिल से मुक्त हो सकते हैं, बल्कि देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

Share This Article