कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक
दुर्ग। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा 27 अक्टूबर 2025 को छत्तीसगढ़ में अर्हता तिथि 01.01.2026 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की घोषणा की गई है।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सोमवार की संध्या कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सभी ईआरओ/एईआरओ, नगर निगम आयुक्त, सीएमओ नगर पालिका/नगर पंचायत और सभी जनपद पंचायत के अधिकारियों की बैठक में जिले में एसआईआर की प्रगति और गणना प्रपत्र वितरण की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिले के 70 प्रतिशत मतदाताओं का बीएलओ द्वारा पूर्व में 2003 की मतदाता सूची से मिलान किया जा चुका है।
प्रत्येक मतदाता को दो गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। भरे हुए प्रपत्र बीएलओ द्वारा क्यूआर कोड के माध्यम से पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। यदि कोई मतदाता उपस्थित नहीं है, तो घर का कोई अन्य सदस्य उसके बदले प्रपत्र पर हस्ताक्षर कर सकता है।
बैठक में एडीएम अभिषेक अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, सभी नगरीय निकायों के आयुक्त/सीएमओ, सभी एसडीएम एवं जनपद सीईओ उपस्थित थे।
जिले में अर्हता तिथि 01.01.2026 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रगति पर है। बीएलओ द्वारा विधानसभावार मतदाताओं को घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किया जा रहा है और आवश्यक जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जा रही है।

04 नवम्बर से 04 दिसंबर 2025 तक घर-घर जाकर गणना का चरण होगा। 09 दिसंबर 2025 को मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन, 09 दिसंबर 2025 से 08 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति कार्यवाही, तथा 07 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।


