फिर बढ़ेगी ठंड: 3 दिन में 3 डिग्री तक गिर सकता है तापमान, सरगुजा–बिलासपुर संभाग में घने कोहरे का अलर्ट

Editor
By Editor 3 Min Read

पेंड्रा और अमरकंटक शीतलहर की चपेट में, रात और सुबह के समय बढ़ेगी ठंड; मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की दी सलाह

रायपुर, छत्तीसगढ़ में एक बार फिर ठंड अपना असर दिखाने वाली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में आगामी तीन दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। तापमान में गिरावट के चलते खासकर रात और सुबह के समय ठंड का असर और अधिक महसूस होगा।

मौसम विभाग ने सरगुजा, रायपुर और बिलासपुर संभाग के एक-दो जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है, ऐसे में सुबह और रात के समय वाहन चालकों व आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हालांकि, विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

पिछले 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ। पेंड्रा और अमरकंटक क्षेत्र इस समय शीतलहर की चपेट में हैं, जहां ठंड का असर सामान्य से अधिक देखा जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे के चलते जनजीवन पर असर पड़ सकता है, इसलिए विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

मौसम एक नजर

प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा और शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने सुबह के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।

रायपुर में धुंध छाए रहने की संभावना है। दिनभर मौसम शुष्क रहेगा। राजधानी में अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान  5 जनवरी

शहर अधिकतम (°C) न्यूनतम (°C)

रायपुर 26.0 , 15.0

बिलासपुर 26.0,  14.4

दुर्ग 30.9,  14.0

जगदलपुर 28.2,  12.5

अंबिकापुर 21.9,  9.9

पेंड्रारोड 20.4, 7.6

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रह सकता है।

Share This Article