मालगाड़ी की छत पर चढ़कर चप्पल उतारना पड़ा भारी, ओएचई तार की चपेट में आया किशोर

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई। भिलाई-3 रेलवे स्टेशन से जामुल सीमेंट कंपनी की ओर जाने वाली साइडिंग लाइन पर गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। खड़ी मालगाड़ी की छत पर फंसे चप्पल को निकालने चढ़ा 17 वर्षीय किशोर ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार के संपर्क में आकर बुरी तरह झुलस गया। घायल किशोर को पहले जिला अस्पताल और बाद में सेक्टर-9 अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल युवक की पहचान जी. श्याम (17), पिता तुलसैया, निवासी खुर्सीपार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे श्याम अपने दोस्त शिवम के साथ साइडिंग लाइन के पास खेल रहा था। मस्ती में दोनों एक-दूसरे पर चप्पल उछालने लगे। इसी दौरान श्याम का चप्पल खड़ी कवर्ड मालगाड़ी (बीसीएन रैक) की छत पर जा गिरा। चप्पल लाने के लिए वह वैगन की छत पर चढ़ गया, जहाँ वह ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन ओएचई लाइन के संपर्क में आ गया और तेज झटके के साथ नीचे गिर पड़ा।
श्याम की गंभीर हालत देखकर उसके साथी शिवम ने तुरंत ट्रेन मैनेजर प्रवीण कुमार को जानकारी दी। इसके बाद आरपीएफ और एंबुलेंस मौके पर पहुँची और किशोर को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार श्याम 80 प्रतिशत तक झुलस चुका था, उसके कपड़े तक जल गए थे। बेहतर इलाज के लिए उसे सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया।

घटना के समय दोनों किशोर कॉलेज नहीं गए थे और रेलवे ट्रैक के पास घूम रहे थे। आरपीएफ ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है। रेलवे अधिकारियों ने साइडिंग लाइन के आसपास सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Share This Article