‘पूरे प्रदेश में नहीं, सिर्फ भिलाई में क्यों टैक्स?’
नियमों के खिलाफ वसूली का आरोप, निगम बोला– आपत्ति है तो शासन से करें बात
भिलाई, भिलाई नगर निगम द्वारा उद्योगों पर लगाए गए निर्यात टैक्स को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। टैक्स वसूली के विरोध में उद्योगपति खुलकर सामने आ गए हैं। उनका आरोप है कि यह टैक्स न तो राज्य के किसी अन्य नगर निगम क्षेत्र में लागू है और न ही इसके लिए कोई स्पष्ट वैधानिक प्रावधान मौजूद है। बावजूद इसके निगम लगातार दबाव बनाकर वसूली कर रहा है।
दस्तावेज मांगे, नहीं मिला जवाब
उद्योगपतियों ने कई बार नगर निगम से यह स्पष्ट करने को कहा कि किस नियम और अधिनियम के तहत निर्यात टैक्स वसूला जा रहा है। कारोबारियों का कहना है कि लिखित आपत्ति देने के बावजूद निगम की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। उल्टे टैक्स नहीं चुकाने वाले उद्योगों पर नोटिस जारी कर सख्ती शुरू कर दी गई।
कुर्की आदेश से भड़का आक्रोश
बुधवार को स्थिति उस समय बिगड़ गई जब नगर निगम की टीम एक उद्योग में कुर्की आदेश लेकर पहुंची और परिसर में नोटिस चस्पा कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उद्योगपति मौके पर पहुंच गए और निगम की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
“सिर्फ भिलाई में ही क्यों टैक्स?”
उद्योगपतियों का कहना है कि भिलाई नगर निगम क्षेत्र में 400 से अधिक छोटे-बड़े उद्योग संचालित हैं, लेकिन पूरे छत्तीसगढ़ में कहीं भी निर्यात टैक्स लागू नहीं है। ऐसे में केवल भिलाई में ही यह टैक्स वसूलना भेदभावपूर्ण और गैरकानूनी है।
2017 से टैक्स की मांग
उद्योगपति अरविंदर सिंह खुराना ने बताया कि पिछले 5–6 महीनों से निगम लगातार टैक्स जमा करने का दबाव बना रहा है। उन्होंने कहा कि निगम 2017 से अब तक का टैक्स एक साथ मांग रहा है, जो उद्योगों को डराने और मानसिक रूप से परेशान करने की कार्रवाई है।

निगम का पक्ष
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि टैक्स शासन के दिशा-निर्देशों के तहत वसूला जा रहा है। यदि उद्योगपतियों को कोई आपत्ति है तो वे शासन स्तर पर अपनी बात रखें। निगम नियमों के अनुसार कार्रवाई कर रहा है।
आगे और बढ़ सकता है विवाद
फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर अड़े हुए हैं। उद्योगपतियों ने संकेत दिए हैं कि यदि कुर्की और दबाव की कार्रवाई नहीं रुकी तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन और कानूनी विकल्प अपनाएंगे। वहीं निगम भी वसूली से पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रहा है।


