वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के निवास पहुंचकर जताया शोक, परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
भिलाई, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दुर्ग प्रवास के दौरान रविवार को भिलाई स्थित लोकांगन परिसर पहुंचकर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के बड़े भाई स्वर्गीय दिनेश सेन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत दिनेश सेन के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर विधायक रिकेश सेन एवं शोक संतप्त परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार के सदस्यों को इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल बनाए रखने की शक्ति प्रदान करने की कामना करते हुए कहा कि किसी प्रियजन का वियोग जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं हो सकती।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय दिनेश सेन के निधन को परिवार के साथ-साथ समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि दिवंगत दिनेश सेन अपने सरल स्वभाव, सामाजिक सरोकारों और पारिवारिक मूल्यों के कारण लोगों के बीच सम्मानित थे। उनके निधन से समाज ने एक सज्जन, मिलनसार और संवेदनशील व्यक्तित्व को खो दिया है।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में पूरा प्रदेश शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, विधायक ईश्वर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय दिनेश सेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान वातावरण भावुक रहा। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय दिनेश सेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। परिवारजनों, शुभचिंतकों एवं नागरिकों ने उनके व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की गई।




