मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम सौंपा गया पत्र
भिलाई, दुर्ग, छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ ने प्रदेश के कर्मचारियों के लिए दिवाली पूर्व 58% महंगाई भत्ता (डीए) देने की मांग को लेकर आज दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल को ज्ञापन सौंपा। संघ ने यह मांग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘गारंटी’ के तहत प्रदेश के कर्मचारियों को केंद्र के कर्मचारियों के समान सुविधाएं दिलाने की भावना से की है।
संघ के प्रांतीय अध्यक्ष धरमदास बंजारे, मीडिया प्रभारी कमल नारायण चौहान एवं अन्य प्रांतीय संचालकों की उपस्थिति में यह ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने मांग की कि छत्तीसगढ़ प्रदेश की संवेदनशील एवं कर्मचारी हितैषी सरकार, मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के कर्मचारियों को 58% डीए की सौगात जल्द से जल्द दी जाए।
ज्ञापन के माध्यम से शिक्षक संघ ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी पिछले लंबे समय से डीए वृद्धि की प्रतीक्षा कर रहे हैं, और केंद्र सरकार के अनुसार राज्य कर्मचारियों को भी यह लाभ मिलना चाहिए। यह मांग प्रदेश के लाखों कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।
सांसद विजय बघेल ने संघ की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि वे इस विषय को उचित मंचों पर उठाएंगे तथा शीघ्र ही प्रदेश के कर्मचारियों को डीए का लाभ दिलाने की दिशा में सार्थक पहल करेंगे।
प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ ने इस पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि दीपावली से पहले प्रदेश सरकार कर्मचारियों को बड़ी राहत प्रदान करेगी।


