
भिलाई। नगर निगम क्षेत्र चरोदा में विभिन्न अनियमितताओं और जनसमस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ बजरंग दल जिला दुर्ग ने बुधवार को निगम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। एहतियात के तौर पर निगम कार्यालय के गेट पर पुलिस बल तैनात किया गया था। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित गड़बड़ियों को प्रमुख मुद्दा बताया गया है। आरोप है कि कई हितग्राहियों के नाम पर आवास राशि स्वीकृत कर खातों से निकाल ली गई, जबकि उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं थी। उत्कर्ष फाइनेंस बैंक से नोटिस मिलने के बाद मामला सामने आया। पुलिस द्वारा रिमाइंडर दिए जाने के बावजूद निगम द्वारा दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने पर जांच में सहयोग की मांग की गई है। एक ही व्यक्ति के नाम दो बार आवास स्वीकृति, शासकीय भूमि बताकर किस्त रोकना, दो मंजिला निर्माण की अनुमति तथा पूर्व निर्मित मकानों पर राशि स्वीकृत करने जैसे मामलों की जांच की मांग भी उठाई गई है।
संगठन ने सड़क निर्माण की स्वीकृत राशि के बावजूद कार्य नहीं होने, जल आपूर्ति व्यवस्था की बदहाली, मोटर-वाल्व की खराबी, नामांतरण के बाद भी कर वसूली, नाली पर अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई न होने के मुद्दे भी उठाए। स्वच्छता विभाग की जर्जर गाड़ियों, टेंडर प्रक्रिया और लंबित आरटीआई जानकारी पर भी सवाल खड़े किए गए।
इसके अलावा ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने, सिरसा गेट सौंदर्यकरण में संभावित धन दुरुपयोग, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में लापरवाही से हुई दुर्घटनाओं की जांच तथा सरकारी नल-बोर के दुरुपयोग की जांच की मांग की गई। संगठन ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।


