भिलाई में गैस एजेंसी पर बवाल: लाइन में खड़े ग्राहक से बाउंसरों की मारपीट

Editor
By Editor 2 Min Read

खुर्सीपार की शताक्षी गैस एजेंसी का मामला, पुलिस ने तीन बाउंसरों पर की कार्रवाई

भिलाई, खुर्सीपार थाना क्षेत्र स्थित एक गैस एजेंसी में गैस सिलिंडर लेने पहुंचे ग्राहक के साथ बाउंसरों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य उपभोक्ताओं ने भी नाराजगी जताई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, 25 मार्च को शताक्षी गैस एजेंसी में गैस सिलिंडर लेने के लिए सुबह से ही लंबी कतार लगी हुई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एजेंसी संचालकों ने बाउंसर तैनात किए थे। इसी दौरान लाइन में खड़े एक ग्राहक और बाउंसर के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद और फिर मारपीट में बदल गई।

घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं दुर्गा मंदिर खुर्सीपार निवासी संतोष कुमार बैठा (32) ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि लाइन में खड़े होने को लेकर बाउंसरों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एजेंसी के तीनों बाउंसर हरिओम चौधरी (23), विकास सिंह (27) और विक्की विश्वकर्मा (30) के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें एसडीएम छावनी के समक्ष प्रस्तुत किया।

बताया जा रहा है कि इन दिनों गैस सिलिंडर की बढ़ती मांग के कारण अधिकांश एजेंसियों में भीड़ देखी जा रही है, जिससे इस तरह के विवाद की स्थिति बन रही है ।

वीडियो विगत दिनों गैस एजेंसी में विवाद और मारपीट का मामला
Share This Article