भिलाई। जिले में इन दिनों मौसम ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार शीतलहर और कड़ाके की ठंड के बीच रात का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। ठंड की वजह से कई इलाकों में लोग अलाव जलाकर अपने आपको गर्म रखने पर मजबूर हैं। मौसम विभाग ने भी शीतलहर को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी है। ठंड और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने स्कूलों के समय में बदलाव करने का आदेश जारी किया है। नए आदेश के अनुसार, जिले के दो पाली में संचालित स्कूल सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 बजे से 11.45 बजे तक चलेंगे। शनिवार को इन स्कूलों में कक्षाएं दोपहर 12.15 से 4.15 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
वहीं एक पाली में संचालित स्कूल के लिए समय बदला गया है। सोमवार से शुक्रवार तक कक्षाएं दोपहर 12.15 से 4.45 बजे तक आयोजित की जाएंगी, जबकि शनिवार को सुबह 8 बजे से 11.45 बजे तक पढ़ाई होगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को शीतलहर के अनुसार गर्म कपड़े पहनाकर भेजें। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है। इसलिए सभी नागरिकों और विशेषकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
इस कदम को अभिभावकों और स्कूल प्रबंधकों ने बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिहाज से सकारात्मक कदम बताया है।


