शेषराम बिंझवार ने घरेलू विवाद के चलते दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी
रायपुर। कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में बुधवार को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) की 13वीं बटालियन के जवान शेषराम बिंझवार ने घरेलू विवाद के चलते अपनी सर्विस रायफल से दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान 17 वर्षीय मदालसा (साली) और 33 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों उमेंदी भाठा गांव के निवासी थे।
घटना ऐसे समय पर हुई जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कोरबा दौरे पर हैं, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि जवान शेषराम का पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसने यह घातक कदम उठाया।
घटना की जानकारी मिलते ही हरदीबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर डटे हुए हैं और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।