कल्याण कॉलेज के एनुअल फंक्शन में पुलिस अफसर ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
बीएसपी के महाप्रबंधक के हाथों सम्मानित हुए स्टूडेंट्स और प्रोफेसर्स, मिली स्कॉलरशिप
भिलाई, शिक्षाधानी भिलाई के सेक्टर-7 स्थित कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिक उत्सव और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 40 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रस्तुति दी। एकल गायन से लेकर समूह गायन, नृत्य, नाट्य और जनसरोकारी गतिविधियों की मोहक प्रस्तुति दी गई। साथ ही पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किया गया।

भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के टाउनशिप विभाग में महाप्रबंधक एबी.श्रीनिवास ने “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया खेलो” का जिक्र किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। नियमित व्यायाम करने के लिए कहा। योग, कसरत और शारीरिक गतिविधि की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कल्याण महाविद्यालय की जमकर प्रशंसा की।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अफसर और छत्तीसगढ़ सड़क सुरक्षा के प्रभारी संजय शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। संजय शर्मा ने कहा कि हमारे छात्र जीवन से ही कल्याण महाविद्यालय का हर क्षेत्र में दबदबा रहा है। आज यहां बच्चों की प्रस्तुति की झलकियां देखकर यह स्पष्ट प्रतीत हो रहा है कि मौजूदा समय में भी कल्याण महाविद्यालय का प्रभुत्व बरकरार है। संजय शर्मा ने ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही केवल हेलमेट पहनकर और सिर्फ सीट बेल्ट लगाकर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अनहोनियों को उल्लेखनीय ढंग से कम किया जा सकता है।

प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा ने महाविद्यालय के छह दशक के विकास क्रम का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब यहां गिने-चुने ही स्कूल थे तब कल्याण महाविद्यालय की स्थापना हुई थी। कल्याण महाविद्यालय ने शिक्षाधानी भिलाई में उच्च शिक्षा का बीजारोपण किया था, जो आप विशाल वटवृक्ष बन चुका है।
छत्तीसगढ़ कल्याण समिति के सचिव जे.एल.सोनी ने कहा कि हमेशा सकारात्मक सोचें। नकारात्मकता से दूर रहे। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि घर में, परिवार में नोंकझोंक होते रहती है। लेकिन हिंदी में “पति” और “पत्नी” लिखेंगे तो पति में छोटी ‘ई’ आता है जबकि पत्नी में बड़ी ‘ई’ आता है। इस लिहाज से पत्नी बड़ी होती है और पति छोटे होते हैं। साथ ही कॉलेज के एलुमनी, अर्जुन अवॉर्डी और ओलंपियन राजेंद्र प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे।

विद्यार्थी-प्राध्यापक हुए सम्मानित
मौजूदा अकादमिक सत्र में विभिन्न विषयों में नेट और सेट की परीक्षा उत्तीर्ण किए विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही अलग-अलग विषय पर पुस्तकों का लेखन करने वाले, पेटेंट करवाने वाले प्राध्यापकों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले, विश्वविद्यालय सहित राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।
विद्यार्थियों को मिली स्कॉलरशिप
महाविद्यालय में विभिन्न दानदाताओं के सहयोग से विद्यार्थियों को हर वर्ष स्कॉलरशिप दी जाती है। इसमें मेरिट में स्थान बनाने वाले, खेलों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले और जरूरतमंद होनहार विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और पांच हजार रुपए तक की राशि प्रदान की गई।

इनकी रही महती भूमिका
महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव और पुरस्कार वितरण समारोह प्राचार्य डॉ.विनय शर्मा के निर्देशन और छात्र संघ प्रभारी तथा राजनीति विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ.मणिमेखला शुक्ला के मार्गदर्शन और बेहद सक्रिय भूमिका में सफलतापूर्वक और निर्विवाद सम्पन्न हुआ। इस दौरान छत्तीसगढ़ कल्याण समिति के अध्यक्ष पूर्णेन्दु देवदास, उपाध्यक्ष अनिल साहू, कोषाध्यक्ष के.एन.अग्रवाल व महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. लखन चौधरी, वाणिज्य संकाय के अध्यक्ष डॉ. सलीम अक़ील, विज्ञान संकाय के अध्यक्ष डॉ. गुणवंत चंद्रौल, शिक्षा संकाय के अध्यक्ष डॉ. ईश्वर सिंह बरगाह, समाजशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ. के.एन.दिनेश, हिंदी और पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुधीर शर्मा, अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनुराग पाण्डेय, प्रबंधन संकाय के अध्यक्ष डॉ. हरीश कश्यप, बायोटेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट की हेड डॉ. सौम्य खरे, भौतिक विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. नीलम शुक्ला, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. कविता वर्मा, महाविद्यालय के प्रमुख लिपिक चिम्मनलाल सौंड्रे सहित अन्य प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी व अन्य उपस्थित रहे।


