भिलाई। भारतीय रेलवे की 41 साल की सेवा के बाद भिलाई तीन निवासी बुद्ध सिंह बीते 31 मई को सेवानिवृत हो गए। वे गेटकीपर के पद से सेवानिवृत हुए हैं। रायपुर में रेलवे द्वारा आयोजित एक समारोह में एपीओ महेंद्र कुमार एवं एडीएफएम सुमित्रा पाल ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें सेवानिवृति का प्रमाण पत्र भी सौंपा गया। दोनों अधिकारियों ने उनकी मृदभाषी, मिलनसार छवि एवं ड्यूटी के प्रति समर्पण की प्रशंसा की।
उल्लेखनीय है कि बुद्ध सिंह ने पावर हाउस एवं सुपेला रेलवे क्रासिंग पर लंबे समय तक सेवाएं दी। पूर्व में इन दोनों रेलवे क्रासिंग पर यातायात का जबरदस्त दबाव रहता था। तब इन दोनों स्थानों पर फ्लाईओवर अथवा अंडर ब्रिज नहीं बना था। ऐसे में यातायात के दबाव के बीच ट्रेन एवं आम लोगों के सुरक्षित यातायात को लेकर गेटमैन की अहम भूमिका रहती थी। बुद्ध सिंह ने इस भूमिका को बखूबी से निभाया। इतना ही नहीं कई मौके ऐसे भी आए जब ड्यूटी के दौरान उन्होंने क्रासिंग पर लोगों की जान भी बचाई और दुर्घटनाओं को भी टाला। इसकी वजह से उन्हें न सिर्फ रेलवे बल्कि स्थानीय लोगों व सामाजिक संगठनों ने भी कई बार सराहा। अपने कर्तव्य के लिए सदैव समर्पित रहे बुद्ध सिंह को रेलवे कर्मचारियों ने भी सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं दी।
कर्तव्य के प्रति सदैव समर्पित बुद्ध सिंह हुए सेवानिवृत,रेलवे ने किया सम्मान
