चार दिनों से जारी सत्याग्रह, ठोस आश्वासन तक आंदोलन जारी
भिलाई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री सुजीत बघेल ने सेक्टर-9 हास्पिटल के निजीकरण, स्कूल, मैत्रीबाग, रिटेंशन स्कीम, टाउनशिप, लीज और आवास जैसे मुद्दों भिलाइ इस्पात संयंत्र प्रबंधन को जमकर घेरा। उन्होंने भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव द्वारा सिविक सेंटर में किए जा रहे उपवास स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया। इस दौरान उनके साथ कार्यकर्ता भी थे। सुजीत बघेल ने कहा बीएसपी प्रबंधन लगातार मैनपावर को घटा रहा है और जनहित की सुविधाओं में भी कटौती कर रहा है। एक तरह से बीएसपी प्रबंधन संवेदना खो चुका है।

सुजीत बघेल ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के फैसलों के खिलाफ कर्मचारियों और अधिकारियों के अधिकारों की मांग को लेकर विधायक देवेंद्र यादव के आंदोलन में हम सभी साथ में हैं। सुजीत ने भी दोहराया कि भिलाई नहीं बिकने देंगे। मंगलवार को सिविक सेंटर स्थित उपवास स्थल पर सुजीत बघेल ने कार्यकर्ताओं कहा कि यह संघर्ष बीएसपी से नहीं, बल्कि निजीकरण और शहर की बसाहट को प्रभावित करने वाली नीतियों के खिलाफ है। बीएसपी प्रबंधन सेक्टर-9 हास्पिटल के निजीकरण कर रहा है। स्कूल जहां से पूरे देश ही नही विदेश में कई प्रतिभाएं निकली हैं उसे भी लगातार बंद किया जा रहा है। मैत्रीबाग जो लोगों के मनोरंजन का बेहतर स्थान है हम सभी छोटे थे तो यहां आते थे उसे भी निजी हाथ में दिया जा रहा है। सुजीत बघेल ने कहा कि रिटेंशन स्कीम, हाउस लीज और आवास जैसे मुद्दों पर बीएसपी का रवैया पूरी तरह अमानवीय है।
उल्लेखनीय है कि भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन के फैसलों के खिलाफ कर्मचारियों और अधिकारियों के अधिकारों की मांग को लेकर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव चार दिनों से अनशन पर है। उन्होंनें दो टूक कहा दिया है कि प्रबंधन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलता तब तक सत्याग्रह समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोहराया भिलाई नहीं बिकने देंगे।


