छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव: शिखा साहु प्रथम, ऋषभ रात्रे तृतीय स्थान पर
रायपुर, छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर नेहरू उद्यान, रायपुर में आयोजित फ्लॉवर डेकोरेशन प्रतियोगिता में बोरियाकला उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा शिखा साहु ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, वहीं ऋषभ रात्रे ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि के पीछे विद्यालय की शिक्षिका दिव्या त्रिपाठी का कुशल मार्गदर्शन रहा, जिन्होंने विद्यार्थियों को फूलों की सजावट की बारीकियों, रंग संयोजन और सृजनात्मकता के गुर सिखाए। साथ ही विद्यालय के प्राचार्य के प्रेरणादायी सहयोग और प्रोत्साहन ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया, जहां बोरियाकला विद्यालय के छात्रों की कलात्मक सोच और सृजनशीलता को निर्णायकों ने विशेष रूप से सराहा।
विद्यालय परिवार ने दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करेंगी।


